अनुसूचित जाति के पीड़ितों की एफआईआर प्राथमिकता पर दर्ज करें पुलिस: जिलाधिकारी 

  • [By: Meerut Desk || 2026-06-14 00:15 IST
अनुसूचित जाति के पीड़ितों की एफआईआर प्राथमिकता पर दर्ज करें पुलिस: जिलाधिकारी 

मेरठ। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने पुलिस अधीक्षक (अपराध) को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति के पीड़ित व्यक्ति जब भी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचें, तो उनकी एफआईआर प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पुलिस की तत्परता अत्यंत आवश्यक है। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि एसएसपी कार्यालय के विशेष जांच प्रकोष्ठ से प्राप्त पीड़ितों की आर्थिक सहायता के प्रस्तावों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने निर्देश दिए कि यदि बजट के अभाव में किसी पीड़ित की सहायता लंबित है, तो समाज कल्याण निदेशालय से तत्काल बजट की मांग की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर आर्थिक मदद मिल सके।डीएम ने समिति के उपस्थित सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन या अन्य किसी समस्या से संबंधित उनके पास कोई सुझाव है, तो वे आगामी बैठकों में उसे लिखित रूप में प्रस्तुत करें। मौके पर पुलिस अधीक्षक (अपराध) अविनाश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह मौजूद रहे।

TAGS

# Meerut

SEARCH

RELATED TOPICS