35 लाख की चोरी का मेरठ पुलिस ने 4 घंटे में कर दिया पर्दाफाश 

  • [By: Meerut Desk || 2026-11-16 23:46 IST
35 लाख की चोरी का मेरठ पुलिस ने 4 घंटे में कर दिया पर्दाफाश 

मेरठ। आज मेरठ पुलिस ने प्रेस वार्ता में एक ऐसी वारदात का खुलासा किया जिसने रिश्तों को तार तार कर दिया। एक कलयुगी बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में 35 लाख से अधिक की चोरी कर ली। लेकिन मेरठ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 4 घंटे में ही चारों आरोपियों को माल समेत गिरफ्तार कर लिया और मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। वास्तव में जब से जनपद में एसपी सिटी विनायक भोंसले और फिर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने चार्ज संभाला है। अपराधियों की शामत आ गई है। पुलिस वारदातों का तेजी से खुलासा कर रही है। दोनों अधिकारी शाबासी के पात्र है। 

क्या है मामला: दरअसल शहर के शास्त्रीनगर में पूर्व रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के घर हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने महज चार घंटे में राजफाश कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि घर में चोरी की साजिश किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि आशु शर्मा के बेटे समर ने ही अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस के मुताबिक, समर ने दोस्तों के साथ मिलकर घर से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कराए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद संदेह से बचने के लिए चोरी की कहानी रची गई।

नौचंदी पुलिस ने समर शर्मा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 8.82 लाख रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी के अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को आशु पुत्र विष्णुदत्त ने नौचंदी थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला खोलकर अलमारी में रखे करीब 10.20 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के साक्ष्यों की पड़ताल की तो शक की सुई घर के ही एक सदस्य की तरफ घूम गई। जांच में समर की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित को गांधी आश्रम से हंस चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर पेठे की दुकान के सामने स्थित बाग से गिरफ्तार किया। चारों के कब्जे से चोरी की नकदी और आभूषण बरामद हुए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी और अन्य आरोपों से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

पुलिस को लाखों के जेवर में खजूर के बीज भी मिले: पुलिस की बरामदगी में सोने के तीन हार, कान के झुमके, टीका, हथफूल, अंगूठियां, चेन, चूड़ियां, नाक की लौंग और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल, बिछुए, कुंडल, ब्रेसलेट, बाजूबंद और पेंडल भी बरामद हुए हैं। पुलिस को एक छोटी पारदर्शी डिब्बी में खजूर के 16 बीज और एक छोटी आयताकार ईंटनुमा वस्तु भी मिली है। इसके साथ दो बड़ी चाबियां भी बरामद की गई हैं।

नौचंदी पुलिस ने बताया कि आरोपी ओम सरीन के विरुद्ध वर्ष 2025 में भी बीएनएस की धारा 110 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज है। अन्य तीन आरोपितों का उपलब्ध आपराधिक इतिहास इसी चोरी के मुकदमे से संबंधित है। चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

चारों अपराधियों का विवरण:
1. समर पुत्र आशु शर्मा, निवासी शास्त्रीनगर, थाना नौचंदी।
2. रोहित उर्फ गबरू पुत्र सूर्यप्रकाश, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर।
3. ओम सरीन पुत्र राहुल सरीन, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर।
4. अंकित पुत्र ओमप्रकाश, निवासी शास्त्रीनगर, थाना लोहियानगर।

थाना नौचंदी पुलिस की इस टीम ने वाकई शानदार काम किया है। ये पुलिसकर्मी भी बधाई के पात्र है: थाना प्रभारी अरुण भाटी, वरिष्ठ उप निरीक्षक छैल बिहारी शर्मा, उप निरीक्षक सतीश शर्मा, सुनील सिंह, आनंद प्रकाश, अखिलेश सिंह एवं विकास वर्मा, हैड कांस्टेबल देवदर्शन, जसवंत सिंह, दीपक कुमार, और कांस्टेबल मोहित एवं लाखन सिंह। 

TAGS

#

SEARCH

RELATED TOPICS